सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत, नम आंखों से हुआ अंतिम संस्कार
लखनऊ माल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे दो दलित मजदूरों—रिंकू (35) और राजेश (33)—की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। शनिवार अपराह्न जब दोनों के शव गांव पहुंचे, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
lucknow
6:52 PM, May 9, 2026
Share:


सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत
लखनऊ। माल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे दो दलित मजदूरों रिंकू (35) और राजेश (33) की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। शनिवार अपराह्न जब दोनों के शव गांव पहुंचे, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह घटना नबीपनाह गांव में किसान रमेश सिंह के घर के बाहर बने लगभग 15 फीट गहरे टैंक में हुई। जानकारी के अनुसार, रिंकू सबसे पहले सफाई के लिए नीचे उतरा था। जब काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो राजेश उसे देखने के लिए नीचे गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस के कारण बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि, सूचना के बाद भी डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीमें करीब दो घंटे की देरी से पहुंचीं।ग्रामीणों ने ही टैंक की दीवार तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मृतक रिंकू अपने पीछे पत्नी रिंकी और एक तीन साल का बेटा छोड़ गया है, जबकि राजेश के परिवार में पत्नी सरोजनी और दो छोटे बच्चे हैं। दोनों परिवारों के लिए ये मजदूर ही आजीविका का एकमात्र सहारा थे। गांव में मृतकों के घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जहां हर कोई इस सुरक्षा चूक और प्रशासनिक देरी पर आक्रोशित नजर आया।
मकान मालिक के भतीजे मयंक सिंह ने मानवीय आधार पर दोनों पीड़ित परिवारों को 3-3 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। लेकिन, सरकारी मदद को लेकर अभी भी प्रक्रिया जारी है।मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अनिल कुमार ने आश्वासन दिया है कि, पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी लाभ दिलाया जाएगा।उपजिलाधिकारी अंकित मौर्य ने स्पष्ट किया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा, जिसके आधार पर शासन को सरकारी मुआवजा राशि दिलाने के लिए पत्र भेजा जाएगा।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर