पुराानी रंजिश या सोची-समझी साजिश? आयुष की मौत पर उठे सवाल, मामा ने की CDR जांच की मांग
मदेहगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार रात एक 16 वर्षीय किशोर का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आयुष सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद ननिहाल में रहकर जीवन यापन कर रहा था। परिजनों ने इस मामले में क्षेत्र के ही एक दबंग युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगा
lucknow
1:48 PM, May 1, 2026
Share:


16 वर्षीय आयुष का शव मिलने से सनसनी सौ0
लखनऊ। मदेहगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार रात एक 16 वर्षीय किशोर का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आयुष सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता की मृत्यु के बाद ननिहाल में रहकर जीवन यापन कर रहा था। परिजनों ने इस मामले में क्षेत्र के ही एक दबंग युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
मृतक आयुष सिंह मदेहगंज के मेहंदीगंज इलाके में अपने मामा अरुण के साथ रहता था। वह डालीगंज पुल के पास एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर काम सीख रहा था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह आयुष खाना खाने के बाद घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रात करीब 11:45 बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक किनारे झाड़ियों में एक शव मिला है। मौके पर पहुंचे मामा अरुण ने उसकी शिनाख्त आयुष के रूप में की।आयुष के मामा अरुण ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि, यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने बताया कि बीते 29 अप्रैल को इलाके के ही एक युवक ने शिया कॉलेज के पास मामूली बात पर आयुष के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। जब आयुष की बड़ी बहन मुस्कान बचाव के लिए आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी अभद्रता की और आयुष को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
परिजनों को शक है कि, गुरुवार को आयुष को फोन करके घटनास्थल पर बुलाया गया था। मामा अरुण का कहना है कि आयुष के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने पर कई अहम सुराग मिल सकते हैं। उनका आरोप है कि आयुष को झांसे से बुलाकर पहले उसकी हत्या की गई या फिर उसे चलती ट्रेन के आगे धक्का दे दिया गया ताकि मामला दुर्घटना का लगे।
परिजनों ने मदेहगंज थाना प्रभारी से मांग की है कि,29 अप्रैल को मारपीट करने वाले संदिग्ध युवक को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए।मृतक के मोबाइल फोन की कॉल हिस्ट्री और लोकेशन की गहनता से जांच हो।रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए।
बताया जा रहा है कि, आयुष और उसकी बहन मुस्कान चार साल पहले अपनी मां सोनी और पिता अजय को खो चुके थे। दोनों भाई-बहन अपने मामा के घर रहकर अपना भविष्य संवारने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। बड़ी बहन मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है।मदेहगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर