मिर्जापुर के अस्पताल चौकी में घुसकर सिपाही का सिर फोड़ा, दरोगा की फाड़ी वर्दी, 5 दबंग गिरफ्तार
मिर्जापुर में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 'अस्पताल पुलिस चौकी' पर पुलिसकर्मियों के साथ दंबगो के द्वारा मारपीट की गई। इतना ही नहीं बल्कि चौकी इंचार्ज की वर्दी तक फाड़ दी। यह विवाद ई-रिक्शा की टक्कर से शुरू हुआ जिसके बाद मामूली विवाद चंद मिनटों में पुलिस पर हमले में तब्दील हो गया। घटना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। जिसमें साफ— साफ दिखाई दे रहा है कि,दंबगो की नजरो में कानून क
mirzapur
12:42 PM, Apr 30, 2026
Share:


अस्पताल चौकी में घुसकर सिपाही का सिर फोड़ा और दरोगा की वर्दी फाड़ी सौ0 bma7.in
उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 'अस्पताल पुलिस चौकी' पर पुलिसकर्मियों के साथ दंबगो के द्वारा मारपीट की गई। इतना ही नहीं बल्कि चौकी इंचार्ज की वर्दी तक फाड़ दी। यह विवाद ई-रिक्शा की टक्कर से शुरू हुआ जिसके बाद मामूली विवाद चंद मिनटों में पुलिस पर हमले में तब्दील हो गया। घटना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। जिसमें साफ— साफ दिखाई दे रहा है कि,दंबगो की नजरो में कानून की कोई कीमत नही बची है।
घटना बुधवार रात करीब 11 बजे बताई जा रही है अस्पताल रोड पर एक ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच मामूली टक्कर हो गई थी। इस टक्कर के बाद बाइक सवार युवक ने आपा खो दिया और ई-रिक्शा चालक गुड्डू को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद सिपाही कमलेश पासवान ने जब बीच-बचाव की कोशिश की और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए अस्पताल पुलिस चौकी ले आए, तो मामला और बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि , बाइक सवार युवक ने फोन कर अपने 15-20 दबंग साथियों को मौके पर बुला लिया। इन मनबढ़ युवकों ने कानून का डर ताक पर रखकर सीधे पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया। चौकी के अंदर घुसकर उपद्रवियों ने सिपाही कमलेश पासवान पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। जब चौकी इंचार्ज मनोज राय अपने साथी को बचाने आए, तो भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। उपद्रवियों ने दरोगा की वर्दी फाड़ दी, उनके कंधे का बैज नोच लिया और सरकारी काम में जमकर बाधा डाली।
इस हिंसक झड़प के दौरान चौकी में भारी तोड़फोड़ की गई और उपद्रवियों ने सिपाही का मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ नगर विवेक जावला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक अधिकांश हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और मौके से 5 उपद्रवियों को दबोच लिया।
एसपी मिर्जापुर ने घटना को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। घायल सिपाही को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य फरार हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि, वर्दी पर हाथ डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर