अलीगंज में CNG पंप पर लाइन तोड़ने का विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटा
लखनऊ में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने देर रात एक सीएनजी स्टेशन पर जमकर उत्पात मचाया। अलीगंज थाना क्षेत्र (मड़ियांव सीमा) में कतार तोड़ने का विरोध करने पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को गाड़ी नंबर और सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत दी
lucknow
12:42 PM, May 9, 2026
Share:


अलीगंज में CNG पंप पर लाइन तोड़ने का विरोध करने पर परिवार को बेरहमी से पीटा सौ0 bma7.in
लखनऊ में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने देर रात एक सीएनजी स्टेशन पर जमकर उत्पात मचाया। अलीगंज थाना क्षेत्र (मड़ियांव सीमा) में कतार तोड़ने का विरोध करने पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को गाड़ी नंबर और सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर रोड स्थित महाराजा अग्रसेन नगर के निवासी अनुपम जैन अपनी बहन प्रिया जैन और बहनोई ऋषभ अग्रवाल के साथ बुधवार रात करीब 11:30 बजे अपनी कार में सीएनजी भरवाने के लिए निकले थे। वे अलीगंज स्थित 'ग्रीन गैस लिमिटेड' (इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप) के स्टेशन पर कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।अनुपम जैन ने मड़ियांव थाने में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि वे शांतिपूर्वक लाइन में खड़े थे, तभी अचानक एक सफेद रंग की टाटा पंच कार (नंबर: UP32 QD 8695) नियम तोड़ते हुए जबरन उनके आगे आकर खड़ी हो गई। जब अनुपम ने इस दबंगई का विरोध किया और गाड़ी को लाइन में लगाने की बात कही, तो कार में सवार युवक और महिलाएं आगबबूला हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि, टाटा पंच में सवार युवक नशे की हालत में थे। विरोध करने पर उन्होंने पहले भद्दी-भद्दी गालियां दीं और फिर देखते ही देखते कार से उतरकर हमला बोल दिया। दबंगों ने अनुपम जैन, उनके बहनोई ऋषभ और बीच-बचाव करने आई उनकी बहन प्रिया को भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने पूरे परिवार को बीच सड़क और पंप परिसर में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस हिंसक झड़प के दौरान पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन दबंगों के खौफ के कारण कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
मारपीट के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को सरेआम धमकी दी कि अगर उन्होंने शोर मचाया या पुलिस को सूचना दी, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। अनुपम जैन ने बताया कि पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें गाड़ी का नंबर भी साफ नजर आ रहा है।
मड़ियांव पुलिस ने अनुपम जैन की तहरीर स्वीकार कर ली है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि वाहन संख्या UP32 QD 8695 के आधार पर मालिक की शिनाख्त की जा रही है। साथ ही, पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के चेहरों की पहचान की कोशिश जारी है।
शहर के व्यस्त इलाके में रात के समय एक प्रतिष्ठित सीएनजी स्टेशन पर ऐसी घटना होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े करती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात पंपों पर अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम जनता को जान-माल का खतरा बना रहता है।पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री और आला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर