CM विजय का बड़ा एक्शन: 'श्वेतपत्र' का ऐलान और महिला सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स
तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई। अभिनेता से राजनेता बने 'थलपति' विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के चंद घंटों के भीतर ही मुख्यमंत्री विजय अपने 'एक्शन मोड' में नज़र आए। उन्होंने न केवल राज्य की जनता के लिए बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, बल्कि पूर्ववर्ती डीएमके सरकार पर राज्य को आर्थिक बदहाली में धकेलने का गंभीर आरोप लगाते हुए
tamil nadu
2:22 PM, May 10, 2026
Share:


शपथ के साथ ही विकास और सुरक्षा का नया संकल्प सौ0 bma7.in
तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई। अभिनेता से राजनेता बने 'थलपति' विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के चंद घंटों के भीतर ही मुख्यमंत्री विजय अपने 'एक्शन मोड' में नज़र आए। उन्होंने न केवल राज्य की जनता के लिए बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, बल्कि पूर्ववर्ती डीएमके सरकार पर राज्य को आर्थिक बदहाली में धकेलने का गंभीर आरोप लगाते हुए सीधा हमला बोला।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने पिछली सरकार की आर्थिक नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, "पिछली डीएमके सरकार तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये का भारी कर्ज छोड़कर गई है। राज्य की वित्तीय स्थिति बेहद चिंताजनक है और यह जनता के साथ विश्वासघात है।"विजय ने घोषणा की कि उनकी सरकार जल्द ही राज्य की आर्थिक स्थिति पर एक 'श्वेतपत्र'जारी करेगी। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का पूरा हक है कि पिछले वर्षों में करदाताओं का पैसा कहां और कैसे खर्च किया गया। यह श्वेतपत्र राज्य के हर नागरिक के सामने डीएमके प्रशासन की 'विफलता' को उजागर करेगा।
अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाते हुए मुख्यमंत्री विजय ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने सबसे पहली फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए पूरे तमिलनाडु में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया। इस फैसले से राज्य के करोड़ों गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ मिलेगा।इसके साथ ही, राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने 'महिला सुरक्षा स्पेशल फोर्स' के गठन की घोषणा की। यह फोर्स आधुनिक तकनीकों से लैस होगी और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगी। विजय ने स्पष्ट किया कि, उनकी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अपने भाषण के दौरान विजय काफी भावुक और दृढ़ संकल्पित नजर आए। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक नई सरकार नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। जनता का साथ ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।" उन्होंने 'जन विश्वास'को अपनी सरकार का मूल मंत्र बताया।विजय ने जोर देकर कहा कि,जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।जन विश्वास से ही विकास का रास्ता तय होगा।रास्ता कितना भी कठिन क्यों न हो, हम हर मुश्किल को आसान बनाने के लिए साथ चलेंगे।शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विजय ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
विजय के इन कड़े तेवरों और 'श्वेतपत्र' के ऐलान ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। जहां एक ओर डीएमके खेमे में रक्षात्मक रुख देखा जा रहा है, वहीं आम जनता के बीच विजय के इन त्वरित फैसलों को लेकर भारी उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि विजय ने साबित कर दिया है कि वे केवल एक 'रुपहले पर्दे' के नायक नहीं हैं, बल्कि ज़मीनी हकीकत बदलने वाले जननायक हैं।तमिलनाडु अब एक बड़े बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। मुख्यमंत्री विजय के सामने एक तरफ 10 लाख करोड़ का विशाल कर्ज है, तो दूसरी तरफ करोड़ों लोगों की उम्मीदें। यह देखना दिलचस्प होगा कि 'श्वेतपत्र' के जरिए वे पिछली सरकार को कैसे घेरते हैं और अपनी नई योजनाओं के लिए संसाधन कैसे जुटाते हैं। लेकिन फिलहाल, विजय ने अपने पहले दिन के फैसलों से यह स्पष्ट कर दिया है कि , उनका शासन 'जनता के लिए और जनता के द्वारा' होगा।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर