चिनहट में आधी रात खूनी संघर्ष, युवती ने जाल बिछाकर पड़ोसियों को बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां
लखनऊ के चिनहट इलाके में मंगलवार की आधी रात को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद के बाद एक युवती ने साजिश रचकर पड़ोस में रहने वाले युवकों पर जानलेवा हमला करवा दिया। इस दौरान हमलावरों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में बीच-बचाव करने आई एक बुजुर्ग महिला को गोली लग गई। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
lucknow
4:35 PM, May 5, 2026
Share:


मामूली विवाद में युवती ने साथियों संग किया जानलेवा हमला सौ0 bma7.in
लखनऊ के चिनहट इलाके में मंगलवार की आधी रात को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद के बाद एक युवती ने साजिश रचकर पड़ोस में रहने वाले युवकों पर जानलेवा हमला करवा दिया। इस दौरान हमलावरों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में बीच-बचाव करने आई एक बुजुर्ग महिला को गोली लग गई। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना चिनहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हंस विहार कॉलोनी की है। यहाँ के निवासी आदित्य सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि मंगलवार रात करीब 12:30 बजे उनके पड़ोस में किराए पर रहने वाली दिव्या सिंह ने पड़ोस के ही तीन युवकों—अनमोल, अमर और दीपक को किसी बहाने से घर से बाहर बुलाया। तीनों युवक जैसे ही घर के बाहर निकले, वहाँ पहले से ही भारी संख्या में हथियारबंद बदमाश घात लगाए बैठे थे।
आरोप है कि, दिव्या सिंह के बुलावे पर पहुँचे गोंडा निवासी दिव्यांश सिंह ने अपने साथियों प्रियांश (शाहपुर निवासी), युवराज, सैफ और सान यादव के साथ मिलकर उन तीनों युवकों पर हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ-साथ अवैध असलहों का भी इस्तेमाल किया। जब चीख-पुकार सुनकर आदित्य सिंह और उनकी मां गायत्री सिंह बाहर आए और अपने पड़ोसियों को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों का गुस्सा उन पर भी फूट पड़ा।
आदित्य सिंह ने बताया कि, जब उनकी मां गायत्री सिंह ने इस हमले का कड़ा विरोध किया और बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उन पर गोली चला दी। गोली गायत्री सिंह के शरीर में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज से पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों की खिड़कियों से नजारा देख सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चिनहट पुलिस मौके पर पहुँचे और घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है। पुलिस ने आदित्य सिंह की तहरीर पर दिव्या सिंह, दिव्यांश सिंह, प्रियांश, युवराज, सैफ और सान यादव समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि, यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, दिव्या सिंह का इन युवकों से क्या विवाद था और इस खूनी खेल के पीछे असली वजह क्या है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर