बिजनौर हत्याकांड: सूरज गौतम की नृशंस हत्या, हत्यारों ने पहचान छुपाने के लिए कुचला चेहरा
बिजनौर थाना क्षेत्र में अपराध का एक खौफनाक मंजर सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय युवक, जो प्रतिष्ठित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्यरत था, उसकी अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक का चेहरा इस कदर कुचल दिया कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। युवक का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर एक खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।
lucknow
1:04 PM, May 9, 2026
Share:


बिजनौर में SGPGIMS कर्मचारी की चेहरा कुचलकर नृशंस हत्या सौ0 bma7.in
लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में अपराध का एक खौफनाक मंजर सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय युवक, जो प्रतिष्ठित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्यरत था, उसकी अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक का चेहरा इस कदर कुचल दिया कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। युवक का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर एक खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सूरज गौतम के रूप में हुई है, जो बिजनौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अशरफ नगर इठुरिया का निवासी था। जानकारी के अनुसार, सूरज शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपने परिजनों से यह कहकर घर से निकला था कि वह किसी काम से 'बिजनौर' जा रहा है। सूरज और उसकी मां, दोनों ही लखनऊ के प्रतिष्ठित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में नौकरी करते थे, जिसके चलते परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा अच्छी थी।
परिजनों ने बताया कि, जब रात 10:00 बजे तक सूरज वापस नहीं लौटा, तो उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन सूरज का फोन स्विच ऑफ मिला। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने रात भर उसे इधर-उधर तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार सुबह गांव के बाहर झील के पास स्थित एक खाली प्लॉट में ग्रामीणों ने एक रक्तरंजित शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त सूरज गौतम के रूप में की। घटनास्थल का नजारा बेहद डरावना था; हमलावरों ने सूरज की हत्या करने के बाद भारी वस्तु से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया था। माना जा रहा है कि अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने या पहचान छुपाने के उद्देश्य से इस क्रूरता को अंजाम दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद, एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा और थाना प्रभारी बिजनौर कपिल गौतम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस पुरानी रंजिश और प्रेम-प्रसंग सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि रात 8:30 बजे के बाद वह किसके संपर्क में था। इसके साथ ही बिजनौर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है।सूरज की मां और अन्य परिजनों का बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर