लखनऊ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 75 लाख की लूट का 50 हजारी इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
लखनऊ में अपराध नियंत्रण की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभूतिखंड थाना क्षेत्र में स्थित होटल सेवी ग्रैंड के पास हुई सनसनीखेज लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सलमान खान को क्राइम टीम और विभूतिखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।
lucknow
5:46 PM, May 5, 2026
Share:


मास्टरमाइंड और गैंग का खुलासा सौ0 bma7.in
लखनऊ में अपराध नियंत्रण की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभूतिखंड थाना क्षेत्र में स्थित होटल सेवी ग्रैंड के पास हुई सनसनीखेज लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सलमान खान को क्राइम टीम और विभूतिखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर क्राइम टीम और विभूतिखंड पुलिस ने हनीमैन चौराहे के पास घेराबंदी की थी। घेराबंदी के दौरान रेलवे लाइन की ओर जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो बदमाश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और सूझबूझ का परिचय देते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो लखनऊ के ही चिनहट इलाके का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट के 80 हजार रुपये नकद और अवैध असलहा बरामद किया गया है।
यह पूरी घटना होटल सेवी ग्रैंड के पास हुई एक बड़ी लूट से जुड़ी है। गुजरात के रहने वाले कलेक्शन एजेंट निकुल सिंह जब रुपयों से भरा बैग लेकर जा रहे थे, तभी बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो पर सवार बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने एजेंट को धक्का देकर गिरा दिया और करीब 75 लाख रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे, जिसके बाद डीसीपी ईस्ट और क्राइम टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाया गया था।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड होटल का ही एक पूर्व ड्राइवर राहुल यादव था। उसे पता था कि कलेक्शन एजेंट कब और कितनी बड़ी रकम लेकर निकलता है। पुलिस इस मामले में राहुल यादव और उसके चार साथियों को पहले ही जेल भेज चुकी है, जिनसे 45 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद हुई थी। सलमान खान इस गैंग का अहम हिस्सा था और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस बड़ी सफलता पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। टीम की इस तत्परता ने न केवल एक शातिर अपराधी को सलाखों के पीछे भेजा है, बल्कि शहर में व्यापारियों और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव भी मजबूत किया है। पुलिस अब सलमान से पूछताछ कर रही है ताकि इस गैंग के अन्य नेटवर्क और भविष्य की संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर