मोहनलालगंज में ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला को लौटाया जेवरात और नकदी से भरा बैग
मोहनलालगंज क्षेत्र से इंसानियत और ईमानदारी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने समाज में गिरते नैतिक मूल्यों के बीच एक उम्मीद की किरण जगाई है। मोहनलालगंज कस्बे से निगोहां जा रही एक बुजुर्ग महिला अपना कीमती सामानों से भरा बैग ऑटो में ही भूल गई थी, जिसे ऑटो चालक ने पूरी ईमानदारी के साथ पुलिस की मौजूदगी में वापस लौटा दिया।
lucknow
2:56 PM, May 8, 2026
Share:


मोहनलालगंज में ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला को लौटाया जेवरात और नकदी से भरा बैग सौ0 bma7.in
लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र से इंसानियत और ईमानदारी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने समाज में गिरते नैतिक मूल्यों के बीच एक उम्मीद की किरण जगाई है। मोहनलालगंज कस्बे से निगोहां जा रही एक बुजुर्ग महिला अपना कीमती सामानों से भरा बैग ऑटो में ही भूल गई थी, जिसे ऑटो चालक ने पूरी ईमानदारी के साथ पुलिस की मौजूदगी में वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, एक बुजुर्ग महिला अपनी नातिन के साथ मोहनलालगंज कस्बे से निगोहां जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुई थी। सफर के दौरान महिला और उसकी नातिन बातचीत में मगन थे। जैसे ही वे अपने गंतव्य निगोहां पहुँचे, वे जल्दी-जल्दी में ऑटो से उतर गए। इसी आपाधापी में बुजुर्ग महिला अपना बैग ऑटो की सीट पर ही भूल गई। महिला के घर पहुँचने के काफी देर बाद उसे एहसास हुआ कि उसका बैग गायब है।
महिला के होश तब उड़ गए जब उसे याद आया कि, उस बैग में न केवल कपड़े थे, बल्कि जीवन भर की कमाई से बनाए गए सोने-चांदी के जेवरात और काफी नकदी भी रखी हुई थी। कीमती सामान के खोने की खबर से बुजुर्ग महिला और उसके परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने तुरंत ऑटो की तलाश शुरू की, लेकिन बिना नंबर और बिना किसी जानकारी के चालक को ढूँढना नामुमकिन सा लग रहा था।
दूसरी ओर, यात्रियों को उतारने के बाद जब ऑटो चालक की नजर पीछे वाली सीट पर पड़ी, तो उसे वह लावारिस बैग मिला। बैग खोलकर देखने पर जब उसने उसमें गहने और पैसे देखे, तो उसका ईमान नहीं डिगा। चालक ने तुरंत गाड़ी घुमाई और सीधा पुलिस चौकी जा पहुँचा। उसने पुलिसकर्मियों को पूरा घटनाक्रम बताया और बैग सौंपते हुए कहा कि यह सामान एक बुजुर्ग महिला का है जो उसकी गाड़ी में छूट गया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक के साथ मिलकर महिला से संपर्क करने की कोशिश की। कुछ ही समय में महिला और उसका परिवार भी परेशान हाल में पुलिस के पास पहुँच गया। बैग की पहचान और उसमें रखे सामान की पुष्टि होने के बाद, पुलिस चौकी के अधिकारियों ने ऑटो चालक के हाथों ही वह बैग बुजुर्ग महिला को सौंप दिया।
अपना खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर बुजुर्ग महिला की आँखों में खुशी के आँसू आ गए। उन्होंने ऑटो चालक की ईमानदारी को सलाम करते हुए कहा, "आज के समय में जहाँ लोग चंद रुपयों के लिए किसी का भी गला काट देते हैं, वहाँ इस बेटे ने मेरे लाखों के जेवरात लौटाकर साबित कर दिया कि, इंसानियत अभी जिंदा है।" महिला ने चालक के साथ-साथ पुलिस प्रशासन का भी तहे दिल से शुक्रिया अदा किया।इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक की इस नेकदिली की जमकर प्रशंसा की है। पुलिस ने भी चालक की ईमानदारी को सराहते हुए उसे एक जिम्मेदार नागरिक बताया।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर