काकोरी में कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत, घर में गूंजने वाली थी शहनाइयां, अब छाया मातम
काकोरी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। खुशहालगंज के समीप एक अनियंत्रित ट्रक और कंटेनर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 25 वर्षीय कंटेनर चालक संदीप कुमार वर्मा की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब संदीप डिलीवरी देकर वापस लौट रहे थे। इस खबर के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
lucknow
5:42 PM, May 6, 2026
Share:


कंटेनर ट्रक की टक्कर में कंटेनर चालक की मौत photo by- google
लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। खुशहालगंज के समीप एक अनियंत्रित ट्रक और कंटेनर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 25 वर्षीय कंटेनर चालक संदीप कुमार वर्मा की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब संदीप डिलीवरी देकर वापस लौट रहे थे। इस खबर के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार वर्मा आजमगढ़ जिले के सराय कल्याण देव के रहने वाले थे। वह गुजरात की एक नमकीन फैक्ट्री में कंटेनर चालक के रूप में कार्यरत थे। संदीप के पिता भैया लाल ने बताया कि उनका बेटा पिछले दो महीनों से लगातार सामान की डिलीवरी के लिए कंटेनर चला रहा था। सोमवार को वह सामान लादकर बस्ती गया था। बुधवार तड़के करीब 4:00 बजे, जब वह बस्ती से अपनी ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहा था, तभी काकोरी के खुशहालगंज के पास सड़क पर एक ट्रक से उसके कंटेनर की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और संदीप उसमें फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर उसे इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने संदीप के मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को इस दुर्घटना की सूचना दी।
संदीप अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पूरे परिवार का लाडला था। उसके पिता भैया लाल और मां अनारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने नम आंखों से बताया कि वे अपने छोटे बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का सपना देख रहे थे। घर में संदीप की शादी के लिए लड़की देखी जा रही थी और खुशियों की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।काकोरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भोर के समय विजिबिलिटी कम होने या थकान की वजह से भी ऐसे हादसे होते रहते हैं। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर