भीषण आग का तांडव: विंध्यवासिनी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में लगी आग, सब कुछ तबाह !
लखनऊ के ग्रामीण इलाके निगोहा में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्षेत्र के व्यस्ततम मदाखेड़ा चौराहे पर स्थित एक प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,
lucknow
1:53 PM, Apr 25, 2026
Share:


मदाखेड़ा चौराहे पर फर्नीचर शोरूम जलकर राख सौ0 bma7.in
लखनऊ के ग्रामीण इलाके निगोहा में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्षेत्र के व्यस्ततम मदाखेड़ा चौराहे पर स्थित एक प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम मालिक का सब कुछ तबाह हो चुका था।
बताया जा रहा है कि, निगोहा थाना क्षेत्र के मदाखेड़ा चौराहे पर 'विंध्यवासिनी इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर' नाम का एक बड़ा शोरूम स्थित है। रोज की तरह शोरूम मालिक अपनी दुकान मंगल कर घर गए थे। देर रात अचानक दुकान के भीतर से धुआं उठने लगा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने लगीं।स्थानीय निवासियों ने तत्काल शोरूम मालिक और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने अपने स्तर पर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी दुकान के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
फायर ब्रिगेड की अफायर ब्रिगेड टीमें आग पर काबू पाने में जुटी सौ0 bma7.in
लाखों का सामान खाक, मची चीख-पुकार
विंध्यवासिनी इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर के इस शोरूम में घरेलू उपयोग के लगभग सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर और कीमती लकड़ी के फर्नीचर (सोफा सेट, बेड, डाइनिंग टेबल आदि) भारी मात्रा में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग की गर्मी इतनी तेज थी कि दुकान के बाहर लगी लोहे की शटर भी पूरी तरह मुड़ गई।
शोरूम मालिक जब तक मौके पर पहुंचे, उनकी आंखों के सामने उनकी मेहनत की कमाई जल रही थी। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब 40 से 60 लाख रुपये से अधिक के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दुकान के अंदर रखा एक भी सामान सही सलामत नहीं बचा है।
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा मुख्य कारण
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि बिजली के बोर्ड या वायरिंग में हुई स्पार्किंग की वजह से चिंगारी फर्नीचर या गद्दों पर गिरी होगी, जिसने धीरे-धीरे पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, विभाग का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम के देरी से पहुंचने पर गहरा रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो कम से कम कुछ सामान सुरक्षित बचाया जा सकता था। सूचना के करीब एक घंटे बाद जब दमकल कर्मी पहुंचे, तब तक आग अपनी चरम सीमा पर थी। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब तीन घंटे तक जूझने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।
भीषण आग की चपेट में आकर सब बर्बाद सौ0 bma7.in<b> </b>
पीड़ित परिवार की आर्थिक कमर टूटी
इस अग्निकांड ने व्यापारी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मदाखेड़ा चौराहे के अन्य दुकानदारों ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और प्रशासन से मांग की है कि, पीड़ित व्यापारी को उचित मुआवजा दिया जाए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि ,अग्नि सुरक्षा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पुख्ता इंतजाम होने चाहिए ताकि, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।इस भीषण आग ने एक बार फिर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में 'फायर फाइटिंग सिस्टम' की कमी और बिजली के पुराने तारों से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि, वे अपनी दुकानों में अग्निशमन यंत्र जरूर रखें और रात को दुकान बंद करते समय मुख्य बिजली स्विच, बंद करना न भूलें।
फिलहाल, निगोहा पुलिस ने घटना का पंचनामा कर लिया है और राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए सूचित किया गया है ताकि, सरकारी नियमों के तहत सहायता की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर