गाजियाबाद अग्निकांड: गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में आग का तांडव, सीएम योगी का सख्त रुख
गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बहुमंजिला टावर के ऊपरी फ्लोर पर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और मौके पर स्थिति संभालने के निर्दे
ghaziabad
2:59 PM, Apr 29, 2026
Share:


गाजियाबाद में आग लगने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान संकेतिक फोटो सौ0 bma7.in
गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बहुमंजिला टावर के ऊपरी फ्लोर पर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और मौके पर स्थिति संभालने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:30 बजे अभय खंड स्थित सोसाइटी के एक टावर की 9वीं मंजिल पर एक बंद फ्लैट में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में इसने 7वीं से लेकर 11वीं मंजिल तक के कम से कम 8 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।आग बुझाने के लिए 20 से अधिक दमकल गाड़ियों और हाइड्रोलिक मशीनों को लगाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एहतियात के तौर पर पूरी सोसाइटी और संबंधित टावर को तुरंत खाली करा लिया गया, जिससे लगभग 450 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस भीषण हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन, धुएं की वजह से दो बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निकांड में करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। कई फ्लैट पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो गए हैं और फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य कीमती सामान राख हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल का दौरा करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या एसी कंप्रेसर का फटना माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने आग के सटीक कारणों की जांच के लिए एक टीम गठित करने का निर्णय लिया है, जो सोसाइटी के फायर सेफ्टी सिस्टम और एनओसी की भी जांच करेगी

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर