कटीले तारों के करंट ने ली अमित की जान, परिजनों ने रोड पर किया जोरदार प्रदर्शन
बख्शी का तालाब क्षेत्र में पहाड़पुर गांव में एक युवक की करंट लगने से हुई मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि,लखनऊ के महिंगवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़पुर गांव में शुक्रवार को एक हृदय विदारक घटना घटी। गांव का निवासी अमित (उम्र लगभग 26 वर्ष), जो पेशे से एक श्रमिक था, गांव के ही प्रकाश प्रजापति के खेत में काम करने गया था। बताया जा रहा
lucknow
3:41 PM, May 2, 2026
Share:


पहाड़पुर में मजदूर की जान जाने पर बवाल सौ0 bma7.in
बख्शी का तालाब क्षेत्र में पहाड़पुर गांव में एक युवक की करंट लगने से हुई मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कुम्हरावा रोड जाम कर सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि,लखनऊ के महिंगवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पहाड़पुर गांव में शुक्रवार को एक हृदय विदारक घटना घटी। गांव का निवासी अमित (उम्र लगभग 26 वर्ष), जो पेशे से एक श्रमिक था, गांव के ही प्रकाश प्रजापति के खेत में काम करने गया था। बताया जा रहा है कि ,अमित खेत में पानी लगाने की तैयारी कर रहा था, तभी वह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कटीले तारों के संपर्क में आ गया। इन तारों में अवैध रूप से बिजली का करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आने से अमित की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अमित के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि, खेत मालिक ने जानबूझकर और अवैध तरीके से बाड़ में करंट छोड़ा था, जो पूरी तरह से गैरकानूनी और जानलेवा है। मृतक अमित अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके पीछे उसकी पत्नी रोहिणी और दो मासूम बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब अंधकार में नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की सुस्ती पर भी सवाल उठाए हैं कि आबादी वाले क्षेत्र के पास इस तरह की अवैध बिजली की तारों पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया।
अमित की मौत से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने अमित के शव को कुम्हरावा-बख्शी का तालाब मुख्य मार्ग पर बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी 'न्याय दो' के नारे लगा रहे थे और खेत मालिक के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे।
जाम की सूचना मिलते ही महिंगवा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि, दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फिलहाल पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की बाड़ में करंट छोड़ने की खतरनाक प्रथा पर सवालिया निशान खड़ा करती है।

लेखक के बारे में
मुस्कान सिंह
रिपोर्टर